Monday, 24 August 2015

भ्रान्ति कविता



भीड़ पगला गई थी
उसने बन्दूक को अपना नेता
और बूटों को अपना ताज घोषित कर दिया था
लोग नींद में क्रांति क्रांति बडबडा रहे थे
मांओं ने अपनी रौंदी हुई छातियों को अफवाहों के हवाले कर दिया था
अफीम की खेतों में लेटे हुए किसान
तोप से सूरज के निकलने का इन्तजार कर रहे थे
सामंतों और सेठों का दलाल नेता का वेश बनाकर
कह रहा था
अबकी सुबह होगी शाम के तुरंत बाद |

अरमान



Wednesday, 1 July 2015

कविता


तुम इतनी शिद्दत से मुझे चाहती हुई
खुदा घोषित करने ही वाली थी
कि मैं
मैंने तुम्हे धोखा दे दिया
साथ ही सच कर दिया उस दावे को
जिसे तुम झुठलाने के आख़री पायदान पर दी
सच्चा प्यार किस्से कहानियों की बातें हैं
और फिर मैं पुरुष हूँ
ये दम्भ मुझे कहाँ सिर्फ तुम्हारा होने देता है

कविता


हताशाएं होंगी

निराशाएं होंगी

सभ्यताओं ने छीनी हैं खुशियाँ

भूल गए हम लड़ने-जीने का हुनर

दुनिया का अंत तय है

लेकिन न तारीखों में

न विश्वयुद्ध में पानी के लिए

पानी की नदियों से ज्यादा आँखों में जरूरत है

एक दिन नींद की गोलियों में सो जायेगी दुनियां

आत्महत्याओं में ख़त्म हो जायेगी ये दुनियां

Friday, 19 June 2015

केदारनाथ सिंह (दिनकर जी के पुत्र )से इंटरव्यू

शाम के सात बजे थे| लगभग नियत समय पर मैं राहुल , दिनकर जी पर आ रही इस पुस्तक के सम्पादक कुमार वरुण और पटना हाईकोर्ट के वकील आलोक जी दो बाइकों पर सवार हो पटना में रामधारी सिंह दिनकर के नामधारी सड़क पर स्थित दिनकर जी के सुपुत्र श्री केदार नाथ सिंह जी के आवास उदयाचल पर पहुंचे| केदार जी कुछ ही दिनों पहले दिल्ली विज्ञान भवन में दिनकर जी पर आयोजित कार्यक्रम से लौटे थे| पत्रकारों से खफा थे जिन्होंने इनका नाम खबार में डालने के बदले लिखा दिनकर जी के परिजनों का भी सम्मान किया गया| जिस करण हमलोगों को भी टालने की कोशिश की कि आपलोग जब आवाज नहीं उठाते हो तो इंटरव्यू क्यों दूँ| खैर मैंने जब बताया कि इस चुनावी रणनीति का पर्दाफाश किया जा रहा है तब वे तैयार हुए| दिनकर जी की भांति ही रोबीला चेहरा बाल उन्होंने पीछे बांध रखे थे, जो बंधने भर ही लम्बे थे| बातचीत शुरू हुई| इंटरव्यू तो मुझे ही लेना था मगर जिज्ञासा वश साथ के लोगों ने भी प्रश्न पूछे....
*पिता दिनकर किस प्रकार याद आते हैं?
के.- पिताजी की पहली तस्वीर जो हमारे जेहन में आती है वो मेरे ख्याल से १९४२ हो या १९४५ हो | उन दिनों पिता जी सीतामढ़ी में पोस्टेड थे| सरकारी कवार्टर था| बरामदे पर कपडे वाली आराम कुर्सी थी| बरामदा छोटा सा था| उसी कुर्सी पर पिता जी सुबह बैठा करते थे और चाय पीते थे| उस समय मैं चार वर्ष का रहा होऊंगा| उसी समय छोटी बहन विभा का जन्म हुआ था| पिता जी उस सुबह भी वहीँ बैठे थे| मैंने जाकर पिता जी से कहा "हमरा बहिन भेलई हन| {मुझे बहन हुई है|} पिताजी बोले हम्म बहिन .. कि नाम रखबहीं ? {क्या नाम रखोगे?} मुझे क्या पता था |मैंने जवाब नहीं दिया| पिता जी बोले विभा नाम रख देहीं| {विभा नाम रख दो}" उसके बाद विभा से सम्बंधित कुछ पंक्तियों का पाठ किया| कोई कविता जैसी पढ़ी जिसमे कि विभा शब्द का प्रयोग था| यह चित्र एक आता है| उसके बाद उसी कम्पाउंड में थोड़ी जमीन थी | उसमें सब्जी उगने का काम करते थे| एक दृश्य यह आता है| एक दृश्य आता था कि ऑफिस से लौट कर आये थे| ऊपर का भाग नग्न था और चिनिया बदाम के पौधे पर मिटटी चढ़ा रहे थे| वे लुंगी की लुंगी नहीं पहनते थे धोती को लुंगी बना कर पहनते थे|
* स्वभाव से दिनकर जी कैसे जीव थे?
के.- स्वभाव तो सामान्य किस्म का ही था| बच्चों के प्रति अगाध स्नेह था | हमारे चचेरे भाइयों को भी साथ रखते थे| बच्चे पढ़ें इसका ख़ास ख्याल रखा जाता था| हैण्डराइटिंग अच्छी हो इसपर बहुत जोर देते थे|व्यायाम पर भी ध्यान देते थे|
    कोई भी चीज अतिवादी ढंग से उनके स्वभाव में नहीं थी | हर चीज अपने-अपने ढंग से सामान्य रूप में आती थी|
* क्या आपको राष्ट्रकवि दिनकर और पिताजी दिनकर में कोई ख़ास फर्क नजर आया?
के.- परिवार की अपनी जरूरतें होतीं हैं| लेकिन राष्ट्र के लिए जैसे नागरिक की कल्पना उनके मन में रही होगी| निश्चित रूप से वे चाहते थे उनके बच्चे अछे नागरिक बनें|
* दिनकर जी के समकालीन उनके साहित्यिक मित्र रहे होंगे | उनका आना - जाना लगा रहता होगा |इस सम्बन्ध में कोई ऐसी महत्वपूर्ण यादें जो आप साझा करना चाहते हो?
के.- एक तो कामेश्वर शर्मा कमल थे| सुल्तानपुर मोकामा के पास एक बस्ती है वहीँ रहते थे| पिता जी जब पढ़ा करते थे तो सुल्तानपुर आना-जाना होता था| मोकामा सुबह जाते तो शाम तक लौट आते |कभी रुकना हुआ तो कमल जी के यहाँ रुकते थे| उनके दूसरे मित्र थे शिव कुमार शर्मा| हमारे सिमरिया ग्राम के ही थे| रिश्ते में हमलोग उनके भाई लगते हैं|
   किसी साहित्यकार का घर अप आना जाना उस तरह से तो नहीं हुआ , लेकिन १९४८ या ४९ में शायद पटना में हिन्दी साहित्य का बड़ा आयोजन हुआ था| उसमें पन्त जी और डॉ. नगेन्द्र भी आये थे|वे दोनों हमारे घर रुके थे| इनके अलावे बेनीपुरी जी , गंगाशरण सिंह जी, धनराज शर्मा जो कांग्रेस के बड़े नेता थे उस माया के और दरभंगा इलाके में मशहूर थे उनका आना-जाना हुआ था | 
*मोकामा आना-जाना नाव से होता होगा?
के.- हाँ गंगा से लगाव तो था लेकिन दिलचस्प बात यह थी कि वे तैरना नहीं जानते थे|
* उनकी रचनाओं से जुड़ा कोई संस्मरण याद है आपको?
के.- १९४८ से ५२ तक रश्मिरथी के रौ में थे| रश्मिरथी छाया हुआ था|उससे पहले कुरुक्षेत्र ,४५ में | ४५-४६ का दौर होगा |हमलोग मीठापुर (पटना ) में रहते थे| ऊपर एक हॉल था | उसमें ये कविता सुना रहे थे| कुरुक्षेत्र |सुनाते -सुनाते उनका मुंह सूखने लगता |
    रश्मिरथी का तीसरा सर्ग उन्होंने रांची में, पांचवां सर्ग पूर्णियां में जनार्दन प्रसाद द्विज के यहाँ और सातवाँ सर्ग मुजफ्फरपुर में लिखा था| सातवाँ सर्ग लिखने के बाद जब ये कमरे से बाहर निकले तो आवेश में आँखें लाल| दो दफा पिताजी को भावप्रवणता में रोता हुआ देखा था| पहली दफा देखा था जब गाँधी जी मारे तब|
* उनकी लिखने की शैली क्या थी?
के.- वे लेटकर सीने के नीचे तकिया या मसनद लगा कर लिखते थे| वक्त कोई ख़ास तय नहीं था, लेकिन जब नौकरी करते थे तो वक्त सुबह और रात में मिल पाता था| हाँ, सुबह छह बजे रोज जग जाया करते थे|
* सुना जाता है अंतिम समय में वो बड़े परेशानियों में घिरे रहे | ख़ास कर आर्थिक| आप इस सम्बन्ध में कुछ बताना चाहेंगे?
के.- नहीं, नहीं ऐसा कुछ नहीं है| आर्थिक परेशानी तो नहीं थी, लेकिन जब रिटायर होकर घर आये तो उन्हें थोडा लगा कि अब वे किसी काम के नहीं रहे|
*राजनीति के प्रति दिनकर जी का क्या नजरिया था?
के. साहित्य क्या राजनीति के बिना चल सकता है? नहीं| वे कांग्रेस के चवन्नियां सदस्य भी थे| इसी दिलचस्पी के करण वे राज्यसभा भी गये|
*आखिर क्या वजह थी कि उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था?
के. यही सोचने वाली बात है कि उनकी बेसिक थिंकिंग क्या थी| वे चाहते थे छात्रों का विकास हो देश का विकास हो| इसके लिए उन्होंने राज्यसभा को छोड़कर युनिवर्सिटी को चुना|
    लेकिन बाद में यूनिवर्सिटी की ओछी राजनीति से परेशान हो कर दिल्ली चले गए| उन्हें लगा कि अब लिखने के हिसाब से दिल्ली ज्यादा सही है|वे कहा करते थे "वहां नहीं होता तो संस्कृति के चार अध्याय नहीं लिख पाता | वहां की लाइब्रेरी बहुत रिच है इस मामले में|
*हिन्दी के आलोचकों पर यह आरोप लगता रहा है कि उन्होंने दिनकर की बहुत उपेक्षा की है| दिनकर जी ने अपने समय में कभी इसका जिक्र आपसे किया?
के.-  पिता जी ने जब हरे के हरिनाम लिखा तो सबसे ज्यादा हंगामा मचा कि पुरुषार्थ के कवि हारे को हरिनाम लिख रहा है|
                एक दिन मैं और पिता जी दोनों रिक्शे से कहीं जा रहे थे कि अचानक पिता जी बोल पड़े कि हारे को हरिनाम को लेकर कुछ निगेटिव बातें आ रहीं हैं| हलांकि मैं बोलने का अधिकारी नहीं था फिर भी मैंने कहा कि इससे बड़ा पुरुषार्थ क्या होगा कि जिसने जिन्दगी भर पुरुषार्थ का गीत गाने वाला धर्म की बातें कर रहा है| हारे को हरिनाम गा रहा है| अपनी सारी ख्याति या कहें तो जो जड़ था उससे ही इनकार कर रहा है|इस जवाब से शायद उन्होंने थोडा संतुष्ट सा महसूस किया| १९३६ के प्रलेस के प्रथम अधिवेशन में पिता जी स्वागत सदस्यों में थे| वहां किसी ने कहा कि प्रगतिशील कवियों को चाहिए कि हारे के हरिनाम को सिराहने रख कर सोयें|
*पिछले दिनों भाजपा सरकार ने विज्ञान भवन दिल्ली में दिनकर जी की दो कृतियाँ परशुराम की प्रतीक्षा और संस्कृति के चार अध्याय का स्वर्ण जयंती दिवस मनाया | क्या आप भी वहां थे| क्या आपको इस कार्यक्रम में चुनावी बू नहीं आती| आप इसे कैसे देखते हैं?
के.- मुझे इसमें कोई नुकसान नहीं दिखता| इसी बहाने साहित्य में कोई न्य विवाद या विमर्श बढ़ता है तो इसमें कोई हर्ज नहीं है|
*21 वीं सदी में आप पाठकों के बीच दिनकर को कहाँ देखते हैं साथ ही आपकी क्या अपेक्षाएं हैं? 
के.- अब जैसे पहले होता था |कोर्स में डॉ कविताएँ कवि से परिचय के लिए पर्याप्त होतीं थीं| अब ऐसा हो गया है कि सूर और तुलसी को ही जब स्थान नहीं मिल पा रहा है| पुराने कवियों को हटा रहे हैं | नए कवियों को रख रहे हैं इसमें क्या कहा जाय|
*आपने इतनी सारी बातें बताईं , संस्मरण सुनाये आपका बहुत बहुत धन्यवाद |

के. - धन्यवाद 

दंगा (1) अरमान आनन्द

मेरा कुसूर था
कि मेरे चेहरे पर दाढ़ियाँ थीं
मूंछे नहीं थी

मेरा कुसूर था कि
मेरे माथे पर लाल रोड़ी का तिलक लगा था

हमने अपनी कुसुरवारी की सजा कुछ मासूम बच्चों को दी
हमने एक दूसरे की औरतों को नंगा किया

हम अपना वीर्य
अपने अपने शक्तिशाली ईश्वर को बचाने में खर्च करते रहे।

हमने कुछ पागल बनाए हैं
जिन्होंने तुम्हारी सरकार बनाई है।

Monday, 11 May 2015

आज जाने की जिद न करो

आज जाने की जिद न करो

यूं ही पहलू में बैठे रहो

आज जाने की जिद न करो

कि तुम जो रुक जाओ

आज

आज की साँझ ढलेगी नहीं

यहीं किसी मेज के नीचे से निकल आएगी यमुना

और विस्की की ये बोतल

बदल जायेगी बांसुरी में

इस कैंडल की लाइट

भक्क से टूटेगी

और आसमान में आधे चाँद सा

उल्टा लटक जायेगी

आज जाने की जिद न करो

यूँ ही पहलू में बैठे रहो

आज जाने की....




रहने दो

कि मम्मी डैडी को समझा लेना कुछ बहानों से

कह देना

नेहा की बर्थडे पार्टी थी

और शबाना आंटी ने रोक लिया था

डैडी से कहना एग्जाम की तैयारी के लिए रुक रही हो आज की रात

किसी सहेली के घर पर

खुद से भी कह देना एक झूठ

कि तुम

नशे में थी

कि आज जाने क़ी ज़िद न करो




निकालो

अपनी जीन्स से रेशमी रुमाल

और फैला दो अपने आँचल की तरह

इससे पहले कि हमें कोई बोरियत के मायने समझाए

कुछ देर तलक हम बेतरह प्यार करें

इस से पहले कि हमारे झगडे मतभेदों में बदल जाए

हमें लगने लगे कि हम शायद एक दूसरे के लिए नहीं बने थे

और यह बार बार हो

हर एक बार हो

और जब हम पर

मैं

हाई हील वाली सैंडल पहन कर इतराने लगे

और तुम

मुझे सिर्फ इस लिए छोड़ दो

कि मैंने सलमान की जगह

मनोज वाजपेयी की फ़िल्म तुम्हे दिखा दी

इससे पहले कि तुम्हे पता चले

मैंने अपने पिता की 10 बीघे की जमीन

जिसके चार पटीदार हैं

तुम्हें 1000 एकड़ की बताई है

इस दफे गेहूँ को भी तुम्हारे मनपसंद रेन डांस के रेन ने तबाह कर दिया है।

बाबूजी का दिल इसी गम में झट्के ले रहा है

जैसे पुराने एम्बेसडर के करबोरेटर में कचड़ा फंस गया हो

तुम्हे पता है?

मैं बिहार से दिल्ली उसी तरह पढ़ने आया हूँ

जैसे

हावड़ा अमृतसर से पंजाब

और जनसाधारण में पटना से दिल्ली मजदूर आते हैं

इससे पहले कि तुम यह जान लो

आइसा मेरी मजबूरी है और तुम्हारा शौक

दोस्त के कमरे पे उधार में रहकर खाना बनाने के बदले

मिल जाती है उसकी बाइक

जिसपर मैं तुम्हे

मैं चाँद के पार ले जाने के सपने देखता हूँ।

कल तुम्हे डिस्को लेजाने के लिए

मैंने अपने स्पर्म और खून बेचे हैं।

ये जानने से पहले

कि मेरा इश्क मेरे पॉकेट में रोशनाई छोड़ चुकी कलम और

मेरी कमर के फाड़े में खोंसा हुआ कट्टा है

ये सब जानने से पहले आज

बस आज

तुम जाने की जिद न करो

आज जाने की जिद न करो




सहम जाता हूँ

जब किसी हंक और स्टड को तुम देखती हो

मेरी बाइक के पीछे बैठ बी एम् डब्ल्यू पर नजर फेंकती हो

देखो मैंने खरीदी है लिए

ये ड्रेस

इसमें तुम्हारे वक्ष आजादी की लड़ाईयां लड़ रहे हैं

मैंने इस अप्रैल कोई किताब नहीं खरीदी

मैंने बहुत कुछ किया है

जो तुम्हारी नजर में कुछ भी नहीं हो सकता है

इस लिए आज

आज जाने की जिद न करो

यूं ही पहलू में बैठे रहो

हम तो मर जायेंगे

हम किधर जायेंगे

ऐसी बातें किया न करो

आज जाने की जिद न करो...




अरमान आनंद

Sunday, 5 April 2015

बनारस वाया बजरडीहा

बजरडीहा 

नल का पानी
जहाँ उतरकर सड़क पर जमे
और शर्म से काला पड़ जाये
जहाँ मर्द आंत के रेशों को बुन कर
संसार की सबसे सुन्दर स्त्री के लिए साड़ियाँ तैयार करते हों
औरतें
हया को जरुरत मानकर
चिथड़ों में लिपटी हुई
धागों के थान लपेट रही हों
दुनियां के ट्रेडमिल पर हांफने के साथ जहाँ
रात की रोटी
अगली सुबह के लिए पानी में गर्क कर दी जाती हो
जहाँ करघों के खटर-पटर में दुधमुहें की आवाज
अनंत कालों के लिए दबा दी जाती हों
जहाँ करघा ही मां है बाप है भाई है
स्कूल है
नवाजुद्दीन की किसी फिल्म का डायलोग है
करघे का चलना सांसों का चलना है
करघे का बंद होना
किसी कुपोषित बच्चे का अनाथ होना है
अच्छे दिन जहाँ दिन में भी झाँकने नहीं आते
अच्छे दिन के लिबास वहीँ से जाते हैं
ये वही बजरडीहा है
ऐ मेरे मदमस्त बनारस
बता न
बजरडीहा में तेरा पता क्या है? 

:अरमान आनंद 

Thursday, 12 March 2015

आगरे का पागलखाना (गल्प) - अरमान आनंद

14को आगरा जा रहा हूँ। बेरोजगारी का फायदा ये कि आपको घूमने के खूब मौके मिलते हैं। बेरोजगारी और आवारगी का सम्बन्ध जीजा साली वाला है। रंगीन और संगीन।
आगरे में तीन चीज़े प्रसिद्ध हैं। पेठा, पागलखाना, और ताजमहल। ताजमहल और पेठा कैसे बना ये तो सब जानते हैं। पागलखाना कैसे बना ये बताता हूँ। एक बार एक अंग्रेज अधिकारी आगरा  पहुंचा। पेठा खा के मस्त हो गया।  फिर शाम को बग्ग्घी से ताजमहल देखने निकला। ताजमहल देखा तो दंग रह गया। उसने कारिंदों को कहा मेरा सामान गेस्ट हाउस से ले आओ। अब हम इसी महल में रहेंगे। गाइड ने कहा सरकार ये महल नहीं कब्र है। यहाँ नहीं रह सकते। गाइड ने आगे बताया राजा ने रानी को खूब प्यार किया , जिससे रानी बच्चा पैदा करते करते मर गई। फिर उसकी याद में राजा ने ताजमहल बनवाया। ताजमहल बनवाने के बाद राजा ने यहीं ताज बनाने वाले कारीगर के हाथ भी काटा था। जिससे कि वो कोई दूसरा ताज न बना सके।
अंग्रेज ने कहा इस शहर को पागलखाने की जरुरत है। जल्दी से पागलखाना बनवाया जाय।
फिर क्या था आगरा का पागलखाना तैयार हो गया और जब से पागलखाना बना दूसरा ताजमहल नहीं बना। मन हो तो भिजिट(विजिट) कर आइये।

Tuesday, 24 February 2015

सत्ता और साहित्य



सत्ता और साहित्य


सत्ता, वर्चस्व और प्रतिरोध के समेकित अन्तः क्रियाओं का नाम है| मानवीय सभ्यता की शुरुआत से ही सत्ता मनोवृति के रूप में मानव व्यवहार श्रृंखला में शामिल हो गई है| आज के समय में पूँजीवाद, बाजार और वैश्वीकरण ने मानव सभ्यता को एक गहरे संकट के मुहाने ला खड़ा किया है| विश्व की बड़ी जनसंख्या गरीबी और अवसाद से ग्रस्त है| मानवीय मूल्यों और संवेदनाओं का भयंकर ह्रास हुआ है| ऐसे में बहुत आवश्यक है कि इन समस्याओं की जड़ तक पहुंचा जाये और मनुष्य की समस्याओं का समाधान उसके व्यवहारों के अध्ययन से ही संभव है | इसके लिए साहित्य से बेहतर साधन नहीं हो सकता| साहित्य की प्रसिद्ध परिभाषा को याद करें “किसी भी देश का साहित्य वहां की जनता की चित्तवृत्ति का संचित प्रतिबिंब होता है”- आचार्य रामचंद्र शुक्ल की इस परिभाषा से यह स्पष्ट है कि साहित्य समाज की चित्त-वृत्तियों का आख्यान है, अर्थात् साहित्य समाज की सत्ता संरचना का व्याख्याता भी है| इसलिए किसी भी समाज की चित्त-वृत्ति और विकास को समझने के लिए वहां के साहित्य को समझना अति आवश्यक है| “सत्ता भी एक मनोवृति है , जो मनुष्य के व्यवहार में परिलक्षित असंख्य अलग-अलग हुए अनुभवों के करण हुई असंख्य अलग-अलग इच्छाओं के जोड़ के कारण नहीं बल्कि स्वाभाविक रूप में और लगातार मनुष्य सत्ता की इच्छा करता है|” 1 मनुष्य अपनी इसी वृति के कारण आजीवन संघर्ष और द्वन्द में जीता है| उसकी दो इच्छाएं हमेशा साथ साथ चलती हैं| पहली स्थायित्व जिसका अगला चरण प्रभुत्व में परिवर्तित होता जाता है| दूसरा किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभुत्व का प्रतिरोध| स्वच्छंदता मनुष्य की आदिम चेतना रही है| वह किसी भी प्रकार के बंधन से मुक्त रहना चाहते है| परन्तु स्थायित्व और प्रभुत्व की इच्छा उसे दूसरों पर अपने वर्चस्व को स्थापित करने की प्रेरणा देता है| फलतः एक अनवरत चलने वाले संघर्ष की उत्त्पति होती है| वर्चस्व और प्रतिरोध के इसी द्वन्द पर मार्क्स अपना पक्ष रखते हुए कहते हैं: “आजतक का अस्तित्वमान समस्त समाज का इतिहास वर्ग संघर्षों का इतिहास है|” 2कार्ल जे. फ़्राईडरिक ने constitutional government and democracy (pp.12-14) में सत्ता को ‘किसी प्रकार के मानव सम्बन्ध के वर्णन’ से जोड़ा है| यही सत्ता और सत्ता विमर्श का मूल है| यह मानवीय संबंधों की व्याख्या करने का सफल औजार है|3 मिशेल फूको सत्ता का स्पष्टीकरण देते हुए कहते हैं “सत्ता ‘हम क्या हैं? उसका निर्धारण करती है| 4 एक ही वाक्य में फूको सत्ता के सम्पूर्ण चरित्र का उद्घाटन कर देते हैं कि सत्ता मूलतः अस्तित्वमूलक शब्द है| यही अस्तित्व स्थायित्व पाकर वर्चस्व में परिणत हो जाता है| मिशेल फूको फिर कहते हैं "सत्ता वह मूलभूत तत्व है जो संसार की प्रत्येक वस्तु में बराबर रूप से विद्यमान है |" 5


अर्थात यहाँ यह कहना होगा कि प्रत्येक व्यक्ति में सत्ता अस्तित्वमूलक प्रवृति में तो है ही साथ ही प्रत्येक मनुष्य में सत्ता वर्चस्व की आकांक्षा के रूप में भी पलती है| तात्पर्य यह कि वर्चस्व और प्रतिरोध दोनों साथ-साथ चलते और पलते हैं| Where there is power, there is resistance 6 


अंतोनियो ग्राम्शी भी इस विचार से सहमत होते हुए लिखते हैं “प्रत्येक मनुष्य चाहे वह स्त्री हो या पुरुष, वर्चस्व के प्रभाव से युक्त होता है | हालांकि हर मनुष्य का अलग- अलग उद्देश्य पूर्ण जीवन होता है , जो कि अन्य से अलग होता है | परन्तु सामाजिक स्तर पर वह सांस्कृतिक वर्चस्व का हिस्सा होने से बच नहीं सकता, और जब तक कोई मनुष्य सामाजिक संरचना में शामिल है वह समाज में अन्तर्निहित सांस्कृतिक वर्चस्व को समझने में उसके प्रतिकार में असमर्थ है|7 हिन्दी का सत्ता विमर्श अंग्रेजी के पॉवर डिस्कोर्स का पर्याय है| पॉवर को हम शक्ति के रूप में समझते हैं| परन्तु सामाजिक और राजनीति विज्ञान में इसे सत्ता कहा गया है|


साहित्य में सत्ता की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं| समाज में साहित्य की क्या भूमिका हो? ऐसे समय में जब हर तीसरा आदमी लिख रहा है तो किसे साहित्य की श्रेणी में माना जाय| किस वैचारिकी में पिरोया गया शब्द साहित्य की संज्ञा प्राप्त करने की क्षमता रखते हैं आदि-आदि| तो उत्तर यह है कि साहित्य की सत्ता प्रतिरोध की सत्ता है जो हमेशा वर्चस्व के विरोध में रची जाती है| "कला कला के लिए" की मान्यता से हट कर कला में उपयोगितावाद या कला समाज के लिए की सैद्धांतिकी इसी तरफ ले जाती है| हालाँकि वर्चस्ववादी सत्ता कला का इस्तेमाल अपने लिए वर्चस्व के अदृश्य हथियार के रूप में करती है| रामस्वरूप चतुर्वेदी नया सहस्त्राब्द और साहित्य शीर्षक आलेख में लिखते हैं "साहित्य को यों खतरा अब उपसाहित्य से है जो या तो सत्ता से अनुशासित होता है या फिर बाज़ार से|"8 रामस्वरूप चतुर्वेदी उस साहित्य को उपसाहित्य का दर्जा देते हैं जो मूल साहित्य के साथ-साथ साहित्य की मूल चेतना और सरोकारों पर घाट करता हुआ चलता है| बाजारवादी संस्कृति की ऐसी मुश्किल घड़ी में में साहित्य को दो कार्य करने होंगे | पहला यह की साहित्य को अपनी प्रतिबद्धता बनाये रखने के लिए जोर शोर से काम करना होगा दूसरा नकली साहित्य का पर्दाफाश करना होगा | कला का मूल धर्म प्रतिरोध है| कला का रवैया हमेशा जड़ता के विरुद्ध रहा है| बी. क्रिलोव इस सम्बन्ध में लिखते हैं: मार्क्सवाद के संस्थापकों ने इस बात पर जोर दिया कि कला वर्गों के बीच विचारधारात्मक संघर्ष में महत्वपूर्ण अस्त्र है| वह शोषकों की शक्ति पुख्ता बना सकती है,तो उसकी जड़ भी खोद सकती है, वह यदि वर्ग उत्पीडन की रक्षा का काम दे सकती है,तो इसके उलट मेहनतकश जनसाधारण की शिक्षा और उनकी चेतना के विकास में योग दे सकती है तथा उन्हें अपने उत्पीड्कों पर विजय के समीप पहुंचा सकती है|9 जब तक आम जनता की पीड़ा और करुणा के साथ साहित्य स्वर में स्वर नहीं मिलाता हम उसे कैसे साहित्य की परिभाषा पर खरा उतरा हुआ मानेंगे| मोनालिजा प्रतिरोध के सम्बन्ध में कहती हैं “प्रतिरोध उत्तर साम्राज्यवादी दौर की अवधारणा है, उत्तर साम्राज्यवादी सत्ता को दर्शाती है| 10 वहीँ प्रतिरोध के सम्बन्ध में मदन सोनी अपने आलेख प्रतिरोध और सहित्य में लिखते हैं: "प्रतिरोध की अवधारणा, एक गहरे अर्थ में ,मनुष्य के साथ जन्मी और मनुष्य की अवधारणा से अभिनाभव जुड़ी प्रतीत होती है|मनुष्य जैसे अपनी परिभाषा में ही एक प्रतिरोधक प्राणी प्रतीत होता है| अगर उसके द्वारा गढ़ी गई सभ्यता और संस्कृति का इस ख़ास दृष्टि से मूल्यांकन करें, तो उसकी इस रचनात्मकता के पूरे इतिहास को प्रतिरोध के इतिहास के रूप में देखा जा सकता है|"11जार्ज लूकाच वर्चस्व और प्रतिरोध के इस संघर्ष में साहित्य की भूमिका को मार्क्सवादी नजरिये से देखते हुए लिखते हैं: “इस तरह साहित्य के अस्तित्व, महत्त्व,उत्थान, और प्रभाव की व्याख्या समूची व्यवस्था के समग्र ऐतिहासिक सन्दर्भ में ही की जा सकती है|साहित्य का उद्भव और विकास समग्र ऐतिहासिक सामाजिक प्रक्रिया का अंग है| साहित्यिक रचनाओं का सौन्दर्यगत सारतत्व और मूल्य और इसलिए उनका प्रभाव उस सामान्य और समन्वित सामाजिक प्रक्रिया का अंग है ,जिसमें मनुष्य चेतना के जरिए दुनिया को अपने काबू में करता है|”12 साहित्य और सत्ता के सम्बन्ध की व्याख्या करते हुए कात्यायनी लिखती हैं: “कविता जो स्वयं मानवीय जरुरत रही है, मानवीय जरूरतों की तड़प पैदा करती हुई, वह प्रकृति से वर्चस्व-विरोधी होती है, और एक औजार भी होती है, राज्य के रहस्य को भेदने समझने का, जैसे कि जीवन के तमाम भेदों को जानने-समझने का|”13 कविता जो मनुष्य के पक्ष में खड़ी है| वह अंतिम शोषित और प्रवंचित के साथ है| वह सत्ता के विरुद्ध है|वह बाज़ार को पहचानती है|वह किसी भी तरह के उपनिवेश का प्रतिरोध करती है| वह अपना स्वाभिमान रचती और मानव के स्वाभिमान के लिए लड़ती है| प्रथमतः और अंततः वह मनुष्य विरोधी ताकतों को निस्तोनाबूद करने का महास्वप्न देखती है|इसलिए पूरी सदी में फैली उसकी भूमिका को आज और आनेवाले कल के लिए देखना प्रासंगिक है| 14 


सत्ता विमर्श ही साहित्य और समाज के सारे विमर्शों का मूल है | समाज की मूल समस्या वर्ग समस्या है| वर्चस्व और प्रतिरोध कहें या शोषक और शोषित मामला वही है| आप स्त्री विमर्श कहें ,दलित विमर्श कहें या आदिवासी विमर्श साहित्य में आप किसी न किसी वर्चस्ववादी प्रवृति के खिलाफ खड़े होते हैं |


















































































1. पृष्ठ 668 समकालीन राजनीतिक सिद्धांत –जे. सी. जौहरी स्टर्लिंग पब्लिशर्स प्रा. लि. नई दिल्ली 2007


2. पृष्ठ ३० मार्क्स एंगेल्स कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणा पत्र पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस 2013


3. पृष्ठ 663 समकालीन राजनीतिक सिद्धांत –जे. सी. जौहरी स्टर्लिंग पब्लिशर्स प्रा. लि. नई दिल्ली 2007


4. {http://www.powercube.net/other-forms-of-power/foucault-power-is-everywhere/} 


5. page 93 history of sexuality volume 1 Michel Foucault, Pantheon Books1978 New York ISBN 0-394-41775-5


6. Page 93 History of Sexuality Volume 1 Michel Foucault, Pantheon Books1978 New York ISBN 0-394-41775-5


7. Page 233-38 Antoniyo Gramsci Prision Note Books 1992 Buttigieg , Joseph A, Ed, Newyork City Columbia Univertsty 


8. पृष्ठ 288 हिन्दी साहित्य संवेदना और विकास लोकभारती प्रकाशन 2004


9. पृष्ठ 28-29 भूमिका - बी. क्रिलोव मार्क्स–एंगेल्स साहित्य और कला, राहुल फाउन्डेशन, लखनऊ 2006


10. page 4 monalizza editor Christopher kullenberg resistance studies magazine 


11. http//pratilipi.in/2008/04/pratirodh-aur-sahitya-madansoni


12. पृष्ठ 445 सौंदर्यशास्त्र के बारे में मार्क्स और एंगेल्स के विचार- जार्ज लूकाच, भूमिका - बी. क्रिलोव मार्क्स–एंगेल्स साहित्य और कला, राहुल फाउन्डेशन, लखनऊ २००६


13. पृष्ठ 5 कवि ने कहा [चुनी हुई कविताएँ] :कात्यायनी, 


14. कविता के सौ बरस, सम्पादकीय ,संपादक लीलाधर मंडलोई, शिल्पायन,दिल्ली 2008 


vjeku vkuUn






'kks/k Nk=] fgUnh foHkkx] dk'kh fgUnw fo'ofo|ky;] okjk.klh&05

Sunday, 28 September 2014

हिन्दी साहित्यिक ब्लॉग (परिचयात्मक आलेख)

  हिन्दी साहित्यिक ब्लॉग
   सामान्य परिचय एवं इतिहास -
       ब्लाग दिखने में यह छोटा सा शब्द, स्वयं में बड़ी अर्थवत्ता रखता है तथा इसकी सबसे बड़ी महत्ता है इसकी विचारों को संकलन एवं संवहन-प्रसारण बार सकने की क्षमता। मुक्त ज्ञान जोश विकिपिडिया ब्लाग का हिन्दी तात्पर्य चिट्ठा बताता है। ब्लाग लिखने वाले को ब्लागर (चिट्ठाकार) तथा इस कार्य को ब्लागिंग या चिट्ठाकारी की संज्ञा दी जाती है। प्रत्येक ब्लाग की अपनी एक खासियत होती है। उसके अनुसार उसे व्यक्तिगत, साहित्यिक, संगीत, इतिहास, पत्रिका इत्यादि श्रेणियों में रखा जाता है। ब्लाग अंग्रेजी शब्द वेबलाग ूमइसवह का सूक्ष्म रूप है। एक प्रारंभिक ब्लागर द्वारा मजाक में वी ब्लाग ूमइसवह से  ूम.इसवह का प्रयोग हुआ तथा संक्षिप्तिकरण होते होते मात्र ठसवह शब्द रह गया। ब्लाग का आरंभ 1992 में लांच की गई पहली बेवसाइट के साथ ही हो गया था। तथ्यों के अनुसार दिसम्बर 2007 तक खर्च इंजिन टैªक्नोरैटी द्वारा 112,000,000 ब्लाग टैªक किये जा रहे थे। टैबलैट, लैपटाप की बढ़ती जनसंख्या के आधार पर मैं यह दावे से कह सकता हूँ कि इनकी संख्या तत्काल में अरब को पार कर गई होगी।
       ब्लाग एक प्रकार का व्यक्तिगत जाल पृष्ठ या वेबसाइट होता है जिस पर संबंधित विषयों को समाचार, चित्र जानकारियाँ विचार आदि उपलब्ध कराये जाते हैं।
       हिन्दी शब्द चिट्ठा हिन्दी चिट्ठाकार आलोक कुमार प्रतिपारित किया गया थाा जो कि अब इन्टरनेट पर हिन्दी दुनिया में सामान्यतः प्रचलित है। गूगल ने भी इसे अपने शब्द कोश में स्थान दिया है। हिन्दी के प्रथम चिट्ठा का श्रेय भी आलोक कुमार के चिट्ठे या ब्लॉग नौ दो ग्यारह को जाता है।
       2004 में ब्लाग शब्द को मेरियम बेबस्टर में अधिकारिक तौर पर सम्मिलित किया गया था। सूचनाओं के आधार पर पता चलता है कि आरंभिक ब्लाग कंप्यूटर जगत संबंधी मूल भूत जानकारियों के थे। अब विषयों के आधार पर इन्हें कई प्रकारों में बंट गया है।
प्रकार -       व्यक्तिगत ब्लाग
साहित्यिक ब्लाग
              छायाचित्र ब्लाग
              विडियो एवं संगीत के ब्लाग
              कला या आर्ट ब्लाग इत्यादि।
हिन्दी साहित्यिक ब्लाग-
       जैसा कि पूर्ववत बताया गया है कि हिन्दी ब्लाग या चिट्ठे की शुरूआत आलोक कुमार ने नौ दो ग्यारह से होती है इसके बाद ब्लाग लिखने वालों का सिलसिला सा चल पड़ा। बड़े-बड़े साहित्यकारों कवियों आलोचको और बड़ी छोटी पत्रिकाओं ने अपने ब्लाग बनाए। इनके साथ ही जो सबसे बड़ी बात हुई वह यह कि साहित्य की जो छुई मुई लेकिन मार्के की आवाजें जो स्वयं या अन्य किसी कारणों से दबी थीं साथ ही वे आवाजें और विचार जिन्हें संपादकीय तानाशाही का शिकार बनना पड़ा मुखर होकर सामने आई। अतः मेरा विचार है कि ब्लाग या चिट्ठों को नई साहित्यिक क्रान्ति का संवाहक माना जाय तो कुछ गलत नहीं होगा।
       हिन्दी साहित्य को बढ़ावा देने में ब्लाग का विकसित रूप अब हिन्दी साहित्यिक पत्रिकाओं के रूप में दिखता है। साहित्यिक पत्रिकाओं की सफलता का अन्दाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि अनुराग वत्स की ब्लाग पत्रिका सबद पर एक कहानी है रिवाल्वर उसे हजारों फीड बैक और हिट मिले हैं। क्या किसी प्रिंट मीडिया की पत्रिका को इतने पाठक भी मिल पाते हैं। वाराणसी बी.एच.यू. के हिन्दी विभाग के प्राध्यापक डा0 रामाज्ञा शशिधर ब्लाग है अस्सी चौराहा। शशिधर जी की सूरन वाली वैचारिक कबकबाहट का आस्वादन लेने के लिए आपको इस पर फिजी, अरब, यू.एस.ए., मद्रास, केरल सभी जगहो के भारतीय-अभारतीय, हिन्दी-अहिन्दी भाषी लोग एक साथ चौकड़ी लगाए मिलेंगे। कुछ रूढ़-मूढ़ लोग हाथ में नींबू का टुकड़ा लेकर बैठते हैं फिर भी सूरन का मजा लते हैं। विरोेध के बावजूद उठ जाएं ऐसा साहस नहीं होता।
       तीसरी तरफ कविता कोश और प्रतिलिपि जैसी प्रसिद्ध ब्लाग पत्रिकाएं भी हैं। प्रतिलिपि को फोर्ब्स इंडिया ने इण्टरनेट और साहित्य की अणमान्य पत्रिकाओं में शामिल कर उसे सम्मान दिया हैं
       कविता कोश लंदन से चलाई जाती है और अनिवासी और निवासी भारतीय में समान्य रूप से लोकप्रिय है।
लाभ -
       साहित्य स्वभाव सामान्य जन को हित का आकांक्षी होता है ऐसे में हिन्दी की कुछ प्रमुख पत्रिकाएं साहित्यिक राजनीति की चपेट में आकार सामान्य जनता लेखक और खास कर नवोदित लेखकों के साथ अन्याय कर रहीं थी। लेखक अकारण साहित्यिक तानाशाही का शिकार हो रहे थे ऐसे में ब्लाग एक खुले मंच के रूप में पदापर्ण करता है जहां हर कोई अपनी वैचारिक स्वतंत्रता के साथ उपस्थित होता है। बादनोति की अनावश्यक हस्तक्षेप से भी मुक्ति मिलती है।
       दूसरी बात यह कि हिन्दी भारतीयों की भाषा है और नव शिक्षित भारतीयों का बड़ा तबका तकनीकी, प्रबंधन इत्यादि क्षेत्रों में कर रहा है ऐसे में समय की न्यूनता और आम साहित्यिक पत्रिकाओं की पहुँच की संभावना शून्यता का पृष्ठ पोषण ब्लाग ही कर पाता है। एक ब्लाग ही है जो दुनिया के किसी हिस्से में आप की उंगलियों की एक क्लिक में दब पड़ा है।
       तीसरी बात है भाषा का प्रसार हिन्दी भाषा भाषियों की संख्या इसे विश्व की तीसरी सबसे बड़ी भाषा का दर्जा देती है और हमारी दिली ख्वाहिश रहती है कि हिन्दी भाषा और उसका संस्कार तरक्की करे ऐसे में ब्लाग ही एक ऐसा सशक्त माध्मय बन सकता है जो समान और निष्पक्ष रूप से साहित्य का संवेदन कर सके और साहित्य का विकास स्वतः स्फुर्त रूप से भाषा गर्वोन्नत ऊँचाई प्रदान करता है।
       अगले पक्ष के रूप में मैं देखता हूँ उन छात्रों के वैचारिक विकास की और जो अपना वक्त और देश का भविष्य पोर्न साइट्स और विडियो गेम्स की भेंट चढ़ा रहे हैं। ब्लागिंग या साहित्य इनके लिए वैचारिक, संस्कृतिक तथा शैक्षिक रूप से ज्ञान और मूल्यों का संवर्द्धक होगा ऐसा कहने में कोई गुरेज नहीं है।
       राजनैतिक मुद्दों और विचारों और साहित्य का साथ भी चोली दामन का रहा है लेकिन वक्त के साथ-साथ दामन स्थिति विकृत हुई फिर स्थान शून्यता का शिकार हुई ऐसे में राजनैतिक नग्नता उभर कर सामने आई है। ब्लाग ऐसे में पुनः साहित्य को पुर्नस्थिति में लाने के लिए कृतसंकल्प दिख रहा है तथा नग्नता को छुपाने के बदले नग्नता की समाप्ति मूल्यों और स्वच्छ विचारों को बढ़ावा देने की पुरजोर कोशिश कर रहा हैै।
प्रतिपक्ष-
       संपादकीय हस्तक्षेप पहले साहित्य को सुनियोजित उत्कृष्टता प्रदान करते थे। ब्लाग में संपादकों का अस्तित्व समाप्त हो गया है। ऐसे में ब्लागरों को चाहिए कि वे स्वच्छंदता में बदलने से रोकें तथा आत्म अनुशासन रखें। दूसरा पक्ष यह भी है कि अब भारतेंदु और महावीर प्रसाद जैसे संपादक भी कहां मिलते हैं। लेखकों को चाहिए कि वे पाठकों के कामेंट पर ध्यान दे स्वतंत्र संपादक के रूप में पाठक ही उनकी रचना धर्मिता को निखार सकते है तथा वे इस प्रसिद्ध पंक्ति को आत्मसात भी करे कि..... निंदक नियरे राखिये.......
       प्रमुख साहित्यिक ब्लाग एवं ब्लाग पत्रिकाएँ अस्सी चौराहा (रामाज्ञा शशिधर), प्रतिलिपि, शबद (अनुराग कश्यप), संवादी (अरूण देव) कलम (महेश आलोक), हम कलम (अशोक कुमार पाण्डेय), अनुवाद, कविता कोश, कविता कोसी, अ आ, कबाड़खाना, असुविधा, समालोचन इत्यादि।
अंत में- ब्लाग रचना धर्मिता और वैचारिकी को उत्कृष्ट ऊँचाई प्रदान करने प्रक्षेपण स्थल है। हिन्दी की समृद्धि और साहित्य के विकास के इस क्रांति रथ पर सवार हो हम नया मुकाम हासिल कर सकेंगे।

अरमान

Friday, 19 September 2014

एक कहानी चाय के साथ

एक कहानी चाय के साथ

एक कप चाय में कितनी कहानी? ओह मतलब कितना शक्कर ? एक चम्मच ? नहीं! वो भी नहीं|शुगर फ्री चलेगा ? हम्म चलिए शुगर फ्री आपकी मर्जी से कहानी मेरी मर्जी से | एक कहानी सुनाता हूँ चाय के साथ |
                      एक पूंजीवादी था |क्षमा करें मैं शब्द बदलना चाहूँगा ...अर्थ में ख़ास परिवर्तन तो नहीं होगा, हाँ... शब्द आँखों में चुभेगा नहीं |पुनः प्रारंभ ... एक सेठ था उसका कपड़ों का व्यवसाय था| उसकी दुकान कहीं भी हो सकती है.. जर्मनी लन्दन,दिल्ली, बिहार, बेगुसराय, बनारस.. कहीं भी| आपके पड़ोस में भी हो सकता है शायद| मगर गोदाम उसके पेट में था और फेफड़े में तिजोरी| अब बचा समय ..तो स्वादानुसार जो भी सन ..ईस्वी चाहें इस कहानी में डाल सकते हैं|
                         कहानी का दूसरा पात्र उसी सेठ द्वारा तयशुदा  व्यवस्था का शिकार  ..स्वयं  सेठ का विलोम एक भिखारी था| हाँ .. हाँ.. सही पकड़ा .. भिखमंगा यार| वही जो फटे कपड़ों में स्टेशन के बहार आपके लिए खड़ा होता है और निकलते ही एसी का सारा मजा खराब कर देता है| सिक्कों के बदले बेफजूल दुआएं बांटता फिरता है|आह.. क्षमा करना आप पकड़ कैसे सकते हैं ? उसके कपड़ों की गंद आपके ड्रायक्लीन कपड़ों की खूबसूरती बर्बाद कर सकता है| तो बिना पकड़े .... बस देखें कि एक भिखमंगा भी था |रोजाना वह भीख मांगने सेठ की दूकान पर आ धमकता | सेठ उससे बेहद तंग आ चुका था|एक दिन उसने भिखारी को बुलवाया | उसे नहलवाया .. उसकी हजामत बनवायी और महाकवि निराला के उस भिखमंगे पर कोट-वोट वो भी नया-नया  डाल-डूल कर बोला ..  अब आइना देखो बस .. तुम कैसे साहब से लगते हो?
                भिखमंगा खुद को निहारता हुआ खाली जेबों वाला कोट-पैंट पहनकर चला गया|
               सुना है वह आपके शहर वाला साहब भिखमंगा भूख से तड़प-तड़प कर{संवेदना मंगवाइये सर } मर गया | सेठ खुश था | अब वह चैन से दुपहरी में एसी चला कर पेट पर हाथ रखे सोयेगा| कोई कटोरा बजाकर उसकी नींद में खलल नहीं डाल पायेगा |
            आपकी चाय-वाय ख़त्म हो गयी हो तो कप-प्लेट समेत कर नीचे रख दीजिये |कहानी तो खत्म हो गयी| आप तो खामख्वाह भावुक हुए जाते हैं, भिखारी ही तो था|

                                                                                                                अरमान आनंद 

Saturday, 30 August 2014

बेबाक कविताओं की दुनिया: जी हाँ लिख रहा हूँ.. armaan anand



बेबाक कविताओं की दुनिया: जी हाँ लिख रहा हूँ..


सर्जक की प्रसव पीड़ा को उसकी रचना ही सार्थक करती है और सर्जना जड़ता के विध्वंश और प्रजनन के दर्द से उत्पन्न आनंद का नाम है| अपने परिवेश से कवि का सतर्क सम्बन्ध सशक्त एवं कालजयी कविताओं को जन्म देता है|निशान्त अपने संग्रह के शीर्षक "जी हाँ लिख रहा हूँ ..", आवरण चित्र और प्रस्तावना में नागार्जुन की कविता के द्वारा संकेत दे देते हैं कि वे अपनी सर्जना के प्रति कितने सतर्क ,संकल्पित और गौरवान्वित हैं| जी हाँ लिख रहा हूँ.../बहुत कुछ! बहोत -बहोत!! /ढेर -ढेर सा लिख रहा हूँ/मगर, आप उसे पढ़ नहीं पाओगे /देख नहीं सकोगे उसे आप!...जी हाँ लिख रहा हूँ...| बाबा नागार्जुन की इन पांच पंक्तियों को अपनी पांच लम्बी कविताओं का प्रतिनिधि स्वर बनाकर कवि ने अपना रूख बिलकुल साफगोई से सामने रख दिया है| जी हाँ लिख रहा हूँ.. शीर्षक इस ध्वन्यात्मकता के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराता है ,जैसे वह कालचक्र का इतिहास लिखने जा रहा हो ... ,जैसे उसने भांप ली हो चाल समय के पहिये की |संग्रह की कवितायें एक प्रकार से यात्रा कवितायेँ है, जो कवि के जीवनानुभव को साथ लेकर चलती हैं |व्यक्ति का सम्पूर्ण जीवन एक यात्रा ही तो है|जन्म से मृत्यु की यात्रा ,अज्ञान से ज्ञान की यात्रा ,अबोध से बोध, बोध से शास्त्र, शास्त्र से अनुभव, अनुभव से बौद्धिकता की यात्रा ,कहा भी गया है कि यात्रा ही जीवन है और ठहराव मृत्यु | संग्रह में उतरते ही निशान्त कोलकाता को कविता के कैनवास पर बिखेर देते हैं| चित्र दर्शन के बहाने से पाठक को कालयात्री बना देते हैं |कोलकाता के सीने पर बिछी हुई हैं पटरियां , कहते ही वे कोलकाता की प्राच्य -आधुनिकता ,टून...टून..टून की आवाज के साथ सांस्कृतिक बोध और बैलगाड़ी और उसके चलने की आवाज कहते ही समय के पारिवार्तनिक नैरंतैर्य की यात्रा पर पाठक को अनायास ही रवाना कर देते हैं |कोलकाता कभी हाथ में रिक्शा बन दौड़ पड़ता है, तो कभी पिताजी की सीख में सामंत बनकर खड़ा दिखता है|फिर यह यात्रा पाताललोक में सरक आती है, जहाँ पाताल लोक कोलकाता के साथ-साथ कवि के बचपन में भी बसा है और साथ ही बसा है दादी की कहानियों में |यह पाताल लेखक की अगली पीढ़ी की कहानियों में भी प्रत्यक्ष -अप्रत्यक्ष दोनों बसता है|'कोलकाता एक जादुई नगरी' कहते हुए लेखक उन तमाम कहानियों को जिन्दा कर देता है, जो दूर अनजान देशों में कोलकाता कि प्रतिनिधि थीं | सत्ता के उस तिलिस्म को बेनकाब करता है, जो वामपंथ के नाम पर गद्दी से गलियों तक फैला हुआ है| यही जादू कवि -फिल्मकार बुद्धदेव दास गुप्ता की फिल्मों और कविताओं में प्रकृति बन कर मुस्कुरा रहा है|कोलकाता बस में एक रूपये के लिए लडती औरत से लेकर विक्टोरिया मेमोरियल के गुम्बद तक फैला हुआ है|भोर के सपने-सा उतरता हुआ किराये के कमरों में घर बनकर अधलेटा हुआ कोलकाता कविता की आखिरी पंक्ति तक पाठक के अन्दर टहल रहा है|कुल मिलाकर "कोलकाता :कविता के कैनवास" पर कुछ बिखरे चित्रों में निशांत दर्शन की कला और दर्शन का सौन्दर्य प्रस्तुत करते हैं|बातें सारी होतीं तो इसी दुनिया और हमारे आस-पास की हैं ,मगर घड़ियों की रफ़्तार में अंधी आँखें न देख पाती हैं , न टिक टिक के शोर में सुना जा सकता है| आधुनिक अफ़्रीकी साहित्य के पिता माने जाने वाले चिनुआ अचेबे कहते थे -लेखक को इतिहासकार होना पड़ता है|मेरी उनसे सौ प्रतिशत सहमति इसलिए है क्योंकि मैं सोचता हूँ, पत्रकारिता या इतिहास लेखन में समाज के रहन -सहन ,विचार आदि का डाटा मात्र भरा होता है ,वहीँ साहित्यकार समाज का भावपूर्ण इतिहास लिखता है, जो कई मायनों में बेहतर और उपयोगी है|


संग्रह की दूसरी लम्बी कविता कबूलनामा लेखक के आत्म चिन्तन और आत्म-चिन्तन के बहाने समग्र चिंतन की भी कविता है|मध्यवर्गीय चेतना अपने अस्तित्वमूलक सत्ता की पहचान और स्थापना को लेकर चिंतित है|कभी-कभी मैं पहचान नहीं पाता हूँ ,अपने आपको /शीशे में मेरा चेहरा स्थिर रहता है /हिलता है /डुलता है और कई चेहरे बनता है /दरअसल वह कई मुखौटे रखता है अपने पास /मैं अपने 'मैं' को लेकर सशंकित रहता हूँ.. जीवन संकट के पीछे मध्यवर्गीय चिंता और मध्यवर्ग का ढुलमुल आचरण है ,जो स्वयं को बचाए और बनाये रखने के लिए वह इस्तेमाल करता है| यहाँ जीवन संकट से ज्यादा तवज्जो निशांत पहचान के संकट को देते हैं |अस्तित्व मूलक सत्ता की स्थापना को देते हैं |जीवन को बचा लेने और गुपचुप तरीके से जी लेने की मध्यवर्गीय सोच जिसके लिए मध्यवर्ग ने मुखौटों और कई चेहरों का आज तक सहारा लिया है|उसे वह एक सिरे से नकार देते हैं| सत्ता सबसे पहले स्वायत्तता चाहती है |लेखक अपनी अस्मिता की स्थापना के लिए स्वतंत्रता चाहता है|आँखें वह नहीं देख पातीं जिसे मैं देखना चाहता था / जुबान वह नहीं बोलती जिसे मैं चाहता था बोलना |मध्यवर्गीय चेतना दो चरित्रों को साथ लेकर चलती है |वह दास भी है और दमनकारी भी|वह स्वतंत्रता चाहता भी है और स्वतंत्र होने देना भी नहीं चाहता |सपने में हमेशा एक सुन्दर स्त्री आती है और अपने हाथों में बारूद लिए /उसके हाथ बहुत ही कलात्मक होते /किसी कलाकार द्वारा फुरसत में बनाए हाथों की तरह ..अब बारूद लिए स्त्री निश्चय ही कवि द्वारा अपनी अस्मितामूलक सत्ता बचाने और बनाने में उद्धत स्त्री का बिम्बात्मक चित्रण है ,परन्तु उसके हाथों की तारीफ में डूबी अगली पंक्तियाँ उन तमाम मध्यवर्गीय मानसिकता को उजागर करती है , जो उसकी यौनेच्छाओं को शांत करने में लगी रहती हैं|फ्रायड इसी को लिविडो कहते हैं|माँ में हमेशा एक पुरुष दीखता था मुझे ..उस स्त्री का चित्रण है जो शरीर से स्त्री और चेतना से पुरुष है |यह पंक्ति लान्का के सुप्रसिद्ध विचार वीमेन डज नाट एक्जिस्ट का काव्यात्मक रूपांतरण है|विचार कविता में ढलकर किस तरह आम जन तक पहुँचती है इसका सुंदर उदाहरण भी|शक ,संशय और डर मध्यवर्ग का चिर परिचित मिजाज है |अपने ही विश्वासघाती व्यक्तिव से मनुष्य इतना आतंकित है कि उसे किसी पर भरोसा नहीं है|माँ , बहन, बच्चे, प्रेमिका सब पर शक करता है ,अपने डर को तुष्ट करने के लिए डराता है ,मनोनुकूल आचार और प्यार करने पर मजबूर करता है|यह भी जानता है कि यह एक मनोरोग है परन्तु वह लाचार है| उसका सबसे बड़ा संकट है पवित्रता, जो उसे विरासत में मिली है|इसे बचाने के लिए वह कई जघन्य अपराध भी करता है| कविता का दूसरा हिस्सा गाँव और शहर के बीच फंसे मध्यवर्ग का बयान है |कुछ खेत, कुछ जानवर, कुछ बच्चे, कुछ औरतें और /ढेर सारे झूठ पीछे छूटे जा रहे थे /यात्रा करना जरूरत नहीं मेरी मजबूरी थी/लाभ बहुत ज्यादा नहीं था/ फिर भी पेट के लिए फिरते रहना मेरी मजबूरी है ......शहर पहुँचते ही पवित्रता के सारे आडम्बर धराशायी हो जाते हैं | पहली बार भीख मांगते हुए मैंने जाना /दुनिया में कुछ भी पवित्र नहीं है /अभी -अभी जाना... शहर के नजदीक आते गाँव का दूर हो जाना सांस्कृतिक बिछुडन का शिकार बनाता है |वहीँ शहर पवित्रता के ढोंग का चेहरा साफ़ और स्पष्ट करने में भी माहिर है|असलम दा के बहाने एक बौद्धिक और एक सामान्य व्यक्ति के बीच के फर्क को कवि दिखाना चाह रहा है|अपनी जिन्दगी बिना अनावश्यक पचड़े के न जी पाने की सारी भडास निकाली है|कविता के चौथेपन में कवि डर जैसे शाश्वत सत्य का उद्घाटन कर रहा है|डर जीवन का उपहार भी है और कमजोरी भी |डर का अपना मनोविज्ञान है| राजनीतिक सत्ता खुद की स्थापना के लिए जनता में डर बनाये रखना चाहती है तो उसी अनुरूप क़ानून भी बनाती है| घार्मिक सत्ता नैतिकता और पवित्रता के नाम पर डर का निर्माण करती है ,तो समाज मर्यादा के नाम पर डर पैदा करता है|व्यक्ति अपने जीवन और अस्मिता की रक्षा के लिए भयभीत रहता है, परन्तु तब तक जब तक भय संभव है|भय के अंतिम क्षणों में साहस की उत्पत्ति होती है| युद्ध नीति कहती है -दुश्मन को हमेशा तीन तरफ से ही घेरना चाहिए, एक तरफ से भागने का मौका देना चाहिए |वर्ना वह अंतिम सांस तक लडेगा | यह डरना नितांत आवश्यक है /डर-डर के ही की जा सकती है सफल यात्रा..कहते ही कवि इंगित करता है कि मध्यवर्गीय मनोविज्ञान में डर अपनी अस्मिता, पवित्रता, नैतिकता, संस्कार आदि को बचाए रखने के लिए ही आता है| यही डर सफलता की कुंजी है, परन्तु यह डर घातक हो जाता है ,जब डर अभिव्यक्ति और सोच की स्वतंत्रता पर हावी हो जाता है| डरो ताकि डरने से नहीं लगता चुनरी में दाग /भागो ताकि भागने से सोयी रहती है आत्मा...../ डर-डर कोई स्वप्न देखता है भविष्य के लिए /डर -डर कर कुछ लोग करते हैं आत्महत्या ..... / डर कर कुछ मुंह खुल नहीं पाते ..कविता के पांचवें हिस्से में कई छोटी-छोटी चीज़ें अहम हो जाती हैं| फुलपैंट ,कुरता , बंडी, रुमाल, छोटी घटनाएँ, रिश्ते ,रिश्तों की छोटी-छोटी मगर अहम यादें ,सबकुछ मध्यवर्गीय जीवन में विशालता के साथ उपस्थित होता हैं |जीवन में इनका अपना हिस्सा है|अपना सरोकार है|निशांत लिखते हैं -छोटे -छोटे शब्दों के भी होते हैं /बहुत बड़े-बड़े अर्थ /बहुत बड़े -बड़े साम्राज्य /एक उम्र में समझ में आती है यह बात /..साइकिल, प्रेम, चाय , झगड़ा ,रूठना - मनाना,एस एम् एस सबकुछ एक आम जीवन में उतना ही महत्वपूर्ण होता है ,जितना कि राज्य के लिए प्रधानमन्त्री, राजनयिक, विदेश नीति, मुद्रास्फीति, परमाणु और मिसाइलें |छोटी चीजों का अस्तित्व कितना महत्वपूर्ण होता है और हो सकता हैं या होना चाहिए ,इसे बतलाते हुए निशांत लिखते हैं -इतने बड़े राष्ट्रपति भवन में /एक कबूतर तक नहीं बैठ सकता /बड़े शर्म की बात है /दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में /कबूतरों तक को बैठने के लिए जगह नहीं है .. अर्थात लोकतंत्र तभी तक सार्थक है, जब तक लोक जिन्दा है|जब तक केंद्र हाशिये से परिचालित है|अन्त्योदय सबसे बड़ा लक्ष्य है|छोटी और मामूली चीजें लोक जैसी महत्वपूर्ण शक्ति का निर्माण करती हैं|इन्हीं छोटी चीजों में मध्यवर्ग का मैं भी महत्वपूर्ण है और इतना महत्वपूर्ण कि आपका जीवन ,आपके अस्तित्व की सत्ता भी इसी मैं पर टिकी है|


'मैं में हम -हम में मैं' कविता कई मैं के मिलने से बने हम और हम की परिधि में उलझे कई मैं की गाथा है| निशांत ने कई मैं की कहानियों को बारीकी से रखा है, जो समवेत रूप में हम की कहानी है|हम ही नहीं हैं 'सबकुछ'/सबकुछ में एक बूँद में एक बूँद हैं हम /हम में ही कुछ है /कुछ में ही मैं हूँ -हम है .. कवितायेँ छात्र जीवन की चुहलबाजियों और यादों से पटी पड़ी हैं|इनमे एक जीवन्तता है|कभी न खत्म होने वाला एक सिलसिला है|कितनी छोटी -छोटी बातों से खुश हो लेते हैं 'हम '/तो कुछ दुखी भी /मसलन हजार रूपये की ब्रांडेड जींस चार सौ में मिल गयी /पडोसी वर्मा की बेटी मुस्कुराकर के बगल से सट कर गयी... |कविता के दौरान निशांत उन तमाम परेशानियों और उधेड़बुनों से भी दो चार होते हैं, जिनसे छात्र जीवन जूझता है| ....और बार-बार आत्महत्या के बारे में सोचते हुए /कमरे से बाहर निकलता /जीने की मजबूरी को कंधे पर लादे /कमरे में उसी ब्लेड से नाखून काटता ....../ माँ पंखा झलती /और कहती -"आज बहुत उमस है |/रात को बारिस होगी|"/ 'पिता' कहते -"बस ,वह बन जाये 'कुछ'|"...


"फिलहाल सांप कविता" संग्रह की चौथी कविता है|कवि ने इसे बाबा नागार्जुन को समर्पित किया है|बाबा लोक और लोक राजनीति के लोकमान्य धुरंधर थे|कविता का पहला पैरा ही बाबा के प्रति समर्पण को स्पष्ट कर देता है|साथ ही उन तमाम अवसरवादियों और विचारधारा के दलालों के प्रति अपने विरोध को भी मुखर रूप देता है जो पुरस्कार और साहित्य के नाम पर तीसरे दर्जे की राजनीति करते हैं|उम्र बढ़ने के साथ-साथ वह होता जा रहा है सन्त /बढती जा रही है लोलुपता ..कह कर निशांत तमाम घोंघा बसंतों को बेनकाब कर दते हैं|संपादकों को जनतांत्रिक तानाशाहों से जोड़ कर साहित्य और सियासत के सियारी चेहरे में बेनकाब कर देते हैं|खींसों के खेल से तथा अदृश्य पूँछों की सलामी के सहारे साहित्य की सीढियाँ चढ़ने वाले तमाम लोगों की खबर इस कविता में ली गयी है|एक कवि ने चिल्ला कर कहा /उदारवादी बाजारवादी और विज्ञापन के शिखर कालखंड में /दारू पीने-पिलाने से इनकार करने वाला व्यक्ति /सबकुछ हो सकता है कवि नहीं हो सकता ... |कविता का दूसरा खंड उस व्यक्ति का प्रतिनिधित्व करता है, जो पिछली कविताओं में अपने अस्तित्व और उसकी सत्ता की स्थापना के लिए चिंतित था|वह खूंसटों की खबर ले रहा है| अपनी स्थापना की घोषणा कर रहा है|वह बता रहा है कि ये कविता जो वह लिखता है, एक्सपायर्ड दिमाग से बाहर की चीज़ है|माओत्से कहते थे -साहित्य और कला का कार्य हमेशा से ही पर्दाफाश करना रहा है| सम्पादकीय चरित्र की बखिया उधेड़ते हुए निशांत साफ़ -साफ़ लिखते हैं एक सम्पादक सरकारी कमरे में तीन तरफ /चाणक्य प्लेटो और ईश्वर के शांति दूत प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाये /चौथी तरफ अपनी तस्वीर लगाने की इच्छा लिये / थर-थर काँपता है रात को बिस्तर में /उसके सपने में आता है एक 'रक्त-स्नात-पुरुष' बीड़ी जलाता और अँधेरे में पूछता - पार्टनर तुम्हारी पोलिटिक्स क्या है ? जिन झोलाछाप डाक्टरों के कारण साहित्य क्षय रोग का शिकार हुआ है तथा खांसता हुआ दम तोड़ रहा है निशांत ने उन्हें एक- एक कर अपने निशाने पर लिया है|साहित्य अपने आप में एक महान काम है |लोग इसे शौक या प्रसिद्धि के लिए इस्तेमाल करते हैं |निशांत इनके प्रति भी खासा रोष प्रकट करते हुए कहते हैं .. दफ्तर के वक्त पूरी दफ्तरी/कविता के वक्त कविता के अलावा और कुछ नहीं होना चाहिए .. चीन के प्रसिद्ध साहित्यकार लू-शुन भी क्रन्तिकारी काल का साहित्य निबंध में अपने विचार व्यक्त करते हैं कि.. क्रांतिकारी साहित्य क्रांति के वक्त लिखा साहित्य नहीं बल्कि क्रांति के सम्बन्ध में क्रांतिकारियों द्वारा लिखा हुआ साहित्य होता है,परन्तु क्रांति के वक्त साहित्य नहीं लिखा जाना चाहिए| क्रांति के वक्त केवल क्रांति और साहित्य के वक्त केवल साहित्य|इसके लिए क्रांतिकारी साहित्य थोड़ी देर से भी शुरू हो तो कोई हर्ज नहीं है|काम के प्रति निष्ठा ही काम में परफेक्शन देता है|निशांत कविता में घुसी हुई हर फर्जी प्रवृति को उधेड़ते और निषेध करते हैं|चौथी लम्बी कविता के चौथे हिस्से में युवा समकालीन कवियों को लताड़ लगाते हैं कि उनका लक्ष्य पूँजी और पद प्राप्ति हो गया है,संपादकों के इर्द-गिर्द मंडराना उनकी फितरत हो गयी है|वे लिखते हैं -पूँजी हमारा परम मित्र है /जाति हमारी पहचान /सूचना जाल हमारे मददगार हैं /आप हमारे पालनहार ..| समकालीन कविता सचमुच फार्मूलाबद्ध हो गयी है|बिलकुल हिंदी सिनेमा की तरह ..थोडा आदर्श, थोडा नाच-गाना, थोडा इमोशनल ड्रामा,थोडा डायरेक्टर,एक्टर का नाम थोड़ी पब्लिसिटी हो गयी फिल्म सौ करोड़ के पार|इसी तरह संपादकों से मोबाइल मैनेजमेंट और चलताऊ विमर्शों से कविता में पुरस्कृत गोबर भरे जा रहे है|भाषा को साहित्य की कसौटी पर इसलिए कसा जाता है क्योंकि साहित्य ज्ञान मीमांसा का सर्वोत्कृष्ट साधन है|बिना नये ज्ञान का उत्पादन किये जो कुछ लिखा जायेगा |सब कूड़ा ही तो होगा |अनावश्यक ,बेमतलब ,सिर्फ भाषा चमत्कार कुछ भी हो साहित्य तो बिलकुल नहीं हो सकता | इस समय के पास नहीं है विचारों की वह सान /जो आन्दोलन की जमीन बना सके ...आगे लिखा है.. ठीक रीति काल में "कन्हाई सुमिरन के बहानो है"की तर्ज पे /वे समझ गये हैं इस समय की कविता पढने के लिए नहीं /सजे-धजे पृष्ठों पर छपने के लिए लिखी जा रही है|निशांत ने बेरोजगारी से मुक्ति और पूँजी के लोभ कविता के जन्म के दो तत्कालीन आधार बताये हैं |सम्पादक विज्ञापनों के लिए कवितायेँ बटोरता है तो कवि चंद लघु पत्रिकाओं की सीढियाँ बनाकर रोटी,फिर ऐशो -आराम तक पहुंच बनाता है|जनता को भी कवि कठघरे में खड़ा करता है-अब, खून नहीं खौलता किसी को सरेआम हत्या पर /बस अखबार में रिपोर्ट लिखी-पढ़ी जाती है / काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया जाता है /मोमबत्ती जलाकर जुलूस निकाली जाती है /अंत में सारी घटनाएँ एक फिल्म में तब्दील हो जाती हैं | पांचवें खंड में कविता के अंतर्वस्तु के सम्बन्ध में बात करती है|कविता का डायरी और छोटी चीजों का इतिहास होते जाना आज की कविता की विशिष्टता है| कविता की शैली कुछ कुछ समाचार शैली है|घटनाओं को विस्तार से समझाती सुंदर लड़की के नीचे तुरत-फुरत की घटनाएँ शब्द बनकर दौड़ती हैं|मगर घटनाओं के विस्तारीकरण से निशांत आपको आपको बोर नहीं करते|कवितायेँ सीधी-सपाट भाषा में सत्ता की तमाम साजिशों का पर्दाफाश करती चली जाती है, जिसमे केंद्र चूतड़ अटकाए जमा है और हाशिया चूतड लिए धक्का मुक्की करता केंद्र की ओर दौड़ रहा है|किसी को सम्पूर्ण परिवर्तन नहीं चाहिए ; हिस्सा चाहिए लूट में हिस्सा| हर परिवर्तन बस अपनी स्थिति तक के परिवर्तन की आकांक्षा तक सीमित है |


'कैनवास पर कविता' रंगों की वैचारिकी को शब्दबद्ध करने का सुंदर प्रयास है| इसे रंगों का भावानुवाद भी कह सकते हैं , जिसमे कुछ -कुछ दार्शनिक टच भी मिलता है|संग्रह के इस अंतिम खंड में निशांत साबित करते हैं कि कला वैचारिकी का माध्यम भर है|कला का असल उद्देश्य नई वैचारिकी का जन्म है|चाहे बात रंगों में हो या शब्दों में नई बात अगर सलीके से कही जाएगी,तभी महत्वपूर्ण होगी|अंतिम पंक्ति इसे और भी पुष्ट करती है|जब कुमार अनुपम की पेंटिंग्स को देखते हुए कहते हैं -वह लिखता है कविता रंगों की भाषा में |


संग्रह को पढ़ते हुए पाठक यह महसूस करता है कि निशांत अपनी कविताई और समय के प्रति प्रतिबद्ध हैं|वह समस्याओं पर पैनी और निडर नजर रखते हैं| सबसे ज्यादा उनकी बेबाकी मुझे प्रभावित करती है|पांच लम्बी कविताओं से वे विश्वास दिलाते हैं कि कविता की पटकथा और शिल्प में आज भी नये और सार्थक प्रयोग हो रहे है|कविता में मुक्तिबोध के चिरपरिचित वाक्यों का प्रयोग उनके परम्पराबोध को भी दर्शाता है| मेरे विचार से जवान होते हुए लड़के का कबूलनामा के बाद उनका यह दूसरा संग्रह जी हाँ लिख रहा हूँ भी एक योग्य प्रयास है,जिसके लिए निशांत साधुवाद के पात्र हैं| आशा है कि आगे भी उनकी रचनाधर्मिता से साहित्य लाभान्वित होता रहेगा| 





अरमान आनंद,शोध-छात्र ,हिंदी विभाग बी.एच.यू. 07499261303

Thursday, 10 July 2014

धर्म {कहानी}

भागलपुर एक बार फिर सुर्ख़ियों में था। वजह .. दंगे। हिन्दू बाहुल्य मुहल्लों में न मुसलामानों की खैर थी और न ही मुस्लिम बाहुल्य मुहल्लों में हिन्दुओं की। चीख पुकार और मातम का माहौल था। आज किसी को फुरसत नही थी की वो किसी के घावों पर मलहम लगाए। कोई किसी को सांत्वना नही दे रहा था क्योंकि हर एक के बदन खुद घाव से लथपथ थे। जिन्हें फुरसत थी वो बदला लेने के षडयंत्र रच रहे थे।
                   अधेड़ उम्र के सुलतान मियां की आँखों में बीस साल पहले का दृश्य घूम गया। कैसे लोग एक दुसरे की जान के प्यासे हो रहे थे। साथ साथ गली में क्रिकेट खेलने वाले बच्चों ने बल्लों की जगह तलवारें थाम लीं थीं। जमीन खून से लाल हो चुकी थी।
        या अली या अल्लाह के नारे गूँज रहे थे। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण दूसरा कोई नारा गूंजना तो खैर संभव ही नहीं था। बीस साल गुजर गए।  यहीं पास में दो गली छोड़ के आम वाले मकान में सुलेमान का दोस्त भी तो रहता था। बड़ा प्यारा दोस्त था वह सुलेमान का । गाढ़ी छनती थी दोनों की। वो  मनहूस शाम भी याद है उडती खबर आई थी की किसी ने दरगाह में जानवर का कोई अंग काट कर फेंक दिया है। बात   की तह तक जाने की जरूरत किसी ने नहीं समझी। मार काट शुरू हो गयी। कर्फ्यू भी लग गया। देखते ही गोली मारने का आदेश था।दो दिनों गुज़र गए।
        उस शाम करीबन आठ बज रहे होंगे। अँधेरा आहिस्ते-आहिस्ते शहर को अपनी आगोश में ले रहा था। अचानक किसी ने दरवाजे को पीटना शुरू किया। दरवाजा खुलते सुल्तान के पैरो में कोई गिर गया। ये गोविन्द था। बुरी तरह घायल.. उसके हाथ में 6 महीने की बच्ची भी थी।
...बचा ले यार इसे। इसे बचा ले। मैं तेरे पाँव पड़ता हूँ। उन्होंने सब खत्म कर दिया। मेरी बीबी बेटे सबको मार दिया। इतना कहकर गोविन्द रोने लगा।
     सुलेमान उसे उठाकर घर के अन्दर ले आया। उसे भरोसा नही हो रहा था। उसकी आवाज जैसे गायब हो गयी थी। दिमाग सुन्न पड़ गया था। गोविन्द बोलता ही जा रहा था। नही सुलेमान मुझे जाने दो इसे बचा लो बस ।वो सब पागल हो चुके हैं।
सुलेमान ने दरवाजा बंद किया और बोला आओ भाई तुम्हे जल्दी से कहीं छुपा दूं। तभी किसी ने दरवाजे को पीटा। आवाज आई दरवाजा खोलो सुलेमान भाई... भाई दरवाजा खोलो ..
गोविन्द का चेहरा स्याह पड़ गया। सुलेमान ने कहा तुम घबराओ मत मैं इनसे निबटता हूँ। दरवाजा खोलते ही सामने जहीर बशीर के साथ कई लोग दिखे। उनके हाथों में नंगी तलवारें थीं। जहीर ने चीखते हुए पूछा साला गोविन्दवा आया है क्या इधर। सुलेमान ने  अपने को संयत करते हुए कहा.. नही तो.. क्या हुआ?
झूठ मत बोलो सुलेमान भाई छोड़ेंगे नही उसे। उसके बेटे और बीबी को काट डाला हमने .. उसेभी नहीं छोड़ेंगे?? कहाँ है वह काफ़िर?
सुलेमान के चेहरे पर दर्द भरी मुस्कराहट तैर गयी। मार दिया? ... अच्छा किया अरे चचा कहता था तुम्हे और शांति भाभी कितनी प्यालियाँ चाय की गटकी हैं उनके घर पे खुदा इसका हिसाब करेगा। दोजख में जलोगे... दोजख में भाग जाओ यहाँ से कोई नही है यहाँ। बशीर और जहीर के चेहरे उतर गये। सुलेमान ने दरवाजा बंद कर लिया। सुलेमान लौट कर कमरे में आया। फूल सी बच्ची सोफे पर लेटी हुई थी। गोविन्द नही था। सुलेमान ने सारा घर छान मारा। पिछला दरवाजा खुला था। गोविन्द शायद वहीँ से निकल गया । सुलेमान बच्ची को सीने से लगाए काफी देर तक रोता रहा।

Sunday, 6 July 2014

विश्वसुन्दरी पुल वाया बनारस{कविता }

बनारस को जब भी देखा मस्त देखा |भांग की मस्ती से सराबोर देखा |कभी सोचा है क्या है इस मस्ती के पीछे का रहस्य | बनारस मृत्यु के सच को समझता है | बिना मृत्यु को समझे जीवन के महत्व को नहीं समझा जा सकता क्योंकि ब्रह्माण्ड में  सिर्फ नश्वरता ही शाश्वत है| कितनी हैरत की बात है कि लोग यहाँ मरने आते हैं| स्वर्ग और पृथ्वी के बीच का पुल है बनारस| इसी बनारस  में एक और पुल रहता है ..विश्वसुंदरी पुल... यहाँ बनारस मरने आने लगा है |क्या हो गया इस बनारस को ? सोच के मन परेशान हो जाता है |परसों पिंकी नाम की एक स्त्री ने अपनी बच्ची के साथ इस पुल से छलांग लगा दी | क्या पक रहा है भीतर भीतर ?  क्यों आत्महत्या पर उतारू हो गया है ये शहर ? मन उदास है .... उदास मन के साथ ये कविता आप सबके लिए
-------------------------------------------------------------------
 विश्व सुंदरी पुल  {कविता}

बनारस की गलियों में गुजरते हुए
घाटों की सीढियों पर घूमते हुए,
मैंने देखा
कि दुनिया भर से लोग यहाँ  मरने आते हैं|
बनारस एक पुल है
जो मर्त्य को अमर्त्य तक पहुंचाता है
मृत्युंजय का ये शहर
मृत्यु के इंतज़ार का शहर भी  है
एक जमाने में
जब डाक्टरी
समाज को भुलावा दे पाने में इतनी सक्षम नहीं थी
तब विधवाएं
यहाँ कबीर गढ़ती थीं
यहाँ आने वाला हर आदमी एक झुका हुआ सर है
और मदद में उठने वाला हर हाथ उस्तरा
ये वो शहर है
जहाँ तिरस्कृत तुलसीदास होता है
और बहिष्कृत रैदास
मौत कुछ दे न दे निश्चिन्तता तो जरूर देती हो
धतूरे सी सुबहें
भांग के नशे सी शाम
जैसे किसी अंतहीन यात्रा पर निकली हों
इसी बनारस में एक पुल रहता है
विश्व सुंदरी पुल
पुल को देखने के बाद मुझे कभी ऐसा नहीं लगा
कि यह विश्व का यह सबसे सुन्दर पुल है
विश्व के तमाम धर्मों  की तरह यह पुल भी एक धोखा है
सुना है
कल फिर एक औरत ने यहाँ से गंगा में  छलांग लगा दी
अखबार ने लिखा
वो कूदने से पहले  पुल पर थोड़ी देर टहली भी थी
मन पूछता है टहलने के वक्त क्या सोचा होगा उसने
क्या उसने लड़ने के बारे में सोचा
या जीवन संग्राम से भाग जाना अधिक आसान लगा उसे
किसी ने उसे लड़ना क्यों नही सिखाया
लड़ना क्या सचमुच असभ्य हो जाना है
क्या होता अगर
मरने से पहले वो उसे  मार कर मरती
क्या सचमुच पति ही दोषी होगा
हो सकता है
सरकार की किसी योजना का शिकार हुयी हो
ये भी हो सकता हो कि किसी प्रेमी ने
उसे अच्छे दिनों का झांसा देकर पांच साल तक किया हो यौन-शोषण
जरूर किसी ने सच बता दिया होगा  उसे
जरूर उस कमबख्त का नाम भूख होगा
भूख खाने में बहुत माहिर है
सब कह रहे हैं  बच्ची बच गयी उसकी
कोई बात नहीं
पुल का रास्ता दोनों तरफ से खुलता है
फिर  माँ सिखा के तो गयी ही है
सहने और सहते हुए टूट जाने की कला

जानते हो लोग मरने बनारस आते हैं
और एक ये पुल है
यहाँ मरने
बनारस आता है

अरमान आनंद ०५/०७/२०१४

Featured post

सर गणेश दत्त